मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को पुलिस लाइन में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की कलाइयों पर राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त विवेक, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, सीओ सदर आस्था जायसवाल, सीओ सिटी शुभम तोदी और मुख्य विकास अधिकारी राकेश पटेल समेत पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और नीट परीक्षा में सफल मेधावी छात्राओं के साथ ही विभिन्न मामलों से जुड़ी पीड़ित महिलाएं शामिल हुईं। इसमें रिकवरी वारंट, परिवार परामर्श केंद्र, पारिवारिक विवाद, साइबर फ्रॉड में धनराशि की बरामदगी, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष और शिकायत प्रकोष्ठ से जुड़ी महिलाएं भी पहुंचीं।
इसके अलावा समूह सखी, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूह, गैर सरकारी संगठनों और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं व छात्राओं ने भी सहभागिता की। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं ने अधिकारियों को राखी बांधी, तिलक लगाया और मिठाई खिलाई।
अधिकारियों की ओर से महिलाओं व बालिकाओं को उपहार प्रदान किए गए तथा भोजन की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए आजमगढ़ पुलिस की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
महिलाओं और छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस व प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर भरोसा जताया।