कोरोना संक्रमण अब धीरे-धीरे भयावह होता जा रहा है। दो दिनों में कोरोना से संक्रमित दो वृद्धों की मौत हो गई। जिससे जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। वहीं नए संक्रमित मिलने का क्रम भी जारी है। जिसके चलते एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़ कर अब 24 हो गई है। खतरा बढ़ता जा रहा है लेकिन लापरवाही पर लगाम नहीं लग रही है।
राजकीय मेडिकल कालेज के नोडल डॉ. नेयाज हसन ने बताया कि सोमवार की शाम एक 88 वर्षीय वृद्ध की कोरोना से मौत हो गई। उसे 20 जून को गंभीर हालत में भर्ती किया गया था। वहीं मंगलवार को भी 77 वर्षीया एक महिला ने दम तोड़ दिया। यह महिला सोमवार को दिन में भर्ती हुई थी और देर रात लगभग ढाई बजे उसकी मौत हुई। दोनों के शव कोरोना प्रोटोकाल के अनुरूप अंतिम संस्कार कराने के लिए परिजनों को सौंप दिए गए। वहीं सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी ने बताया कि मंगलवार को 1495 लोगों की जांच की गई। जिसमें पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। सभी को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। आंगनबाड़ी के माध्यम से उनकी निगरानी करायी जा रही है और दवा आदि उपलब्ध कराये जा रहे है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 19747 संक्रमित मिल चुके है। जिसमें 19486 पूरी तरह से स्वस्थ्य हो गए। वहीं मरने वालों की संख्या अब बढ़ कर 237 हो गई है। मंगलवार को पांच नए संक्रमित मिलने के बाद एक्टिव मरीज बढ़कर 24 हो गई है। उन्होंने आम जनता से कोरोना गाइड लाइन का कड़ाई से पालन करने की अपील किया है। गाइड लाइन की अनदेखी के चलते ही वर्तमान में संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है।