थाने में बृहस्पतिवार को तीन तलाक का एक मुकदमा पंजीकृत किया गया। थाने पर दी तहरीर में पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकालने व पति पर फोन कर तीन तलाक दे देने का आरोप लगाया है। पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर जांच में जुट गई है।
रानी की सराय थाना के आंवक गांव निवासी मास्टर अबुल वफा ने अपनी पुत्री सिद्दिका बानो का निकाह पांच साल पूर्व सरायमीर थाना क्षेत्र के रहने वाले तनवीर के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के साथ किया था। निकाह में पांच लाख नकद के अलावा लगभग इतनी ही कीमत के सामान बतौर उपहार दिए गए थे। पीड़िता सिद्दिका के अनुसार निकाह के बाद से ही उसे दहेज के लिए ससुराल वालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। सास इशरत जहां, ससुर रिजवान, ननद मरियम व पति के मामा आतिफ अक्सर ही उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। वह दो पुत्रियों की मां है। जिसमें एक बच्ची दो साल व एक अभी एक माह की है। पीड़िता ने बताया कि तीन सितंबर को उक्त लोगों ने उसे मारपीट कर घर से निकला दिया। तब से वह अपने मायके में बच्चियों के साथ रह रही है। इस बीच बुधवार को पति ने उसे फोन किया और फोन पर ही उसे तीन तलाक भी दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। जांच की कवायद में पुलिस जुट गई है।