थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गोदमिया गांव निवासी एक व्यक्ति के घर में घुसे चोरों ने लाखों की नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर अहरौला थाना पुलिस के साथ ही डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच किया।
इसहाकपुर गोदमिया गांव निवासी महेंद्र चौहान पुत्र त्रिवणी के घर में मंगलवार की रात चोर छत पर चढ़े और सीढ़ी के सहारे अंदर उतर आए। इसके बाद चोरों ने घर के दो कमरों को पूरी तरह से खंगाल डाला। आधा दर्जन अटैची, चार बक्से उठा ले गए। जो बुधवार की सुबह घर से 500 मीटर की दूरी पर गेहूं के खेत से बरामद हुए। महेंद्र व उसकी पत्नी घर से कुछ दूरी पर स्थित ट्यूबेल पर सो रहे थे। परिवार के अन्य लोग घर में ही सोए थे। भोर में महेंद्र की पत्नी ट्यूबवेल से घर पहुंची तो दरवाजा बाहर के साथ ही अंदर से भी बंद था। पीछे दरवाजे पर पहुंची तो वह बाहर से बंद था। अंदर जाने पर घर के अंदर का हाल देख कर उसके होश ही उड़ गए। सारे सामान बिखरे हुए थे और नकदी व जेवरात रखे अटैची व बक्से गायब थे। नीतू के शोर मचाने पर परिजनों के साथ ही गांव के लोग भी मौके पर जुट गए। 500 मीटर दूरी पर टूटी अटैची व बक्सा बरामद होने के बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर अहरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद डॉग स्क्वायड व फोरेंसिंक टीम को भी मौके पर बुला कर जांच कराई गई। घटना के बाबत पीड़ित ने अहरौला थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दे दी है। महेंद्र के अनुसार लगभग 80 हजार नकद व पांच लाख के जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरों ने पार कर दिया है।