अहरौला। थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित सराफा की दुकान से रविवार की रात चोर सेंध काटकर कीमती सामान उठा ले गए। इस घटना को रोशनदान तोड़ कर अंजाम दिया गया। थाने के पास हुई चोरी की इस घटना से बाजार वासियों में नाराजगी है।
अहरौला कस्बा निवासी विवेक सोनी की थाने के पास मतलूबपुर में सराफा की दुकान है। रोज की भांति रविवार को भी विवेक दुकान बंद कर घर चले गए। सोमवार को सुबह विवेक ने जब दुकान खोला तो अंदर का दृश्य देखकर हतप्रभ रह गए। सारे सामान इधर-उधर फैले हुए थे। रोशनदान टूटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार चोर दुकान में रखे दो किग्रा चांदी व 10 ग्राम सोने के जेवरात उठा ले गए। इसके अलावा गल्ले में बिक्री के रखे छह हजार रुपये नकद व कुछ पुराने आभूषण भी ले गए हैं। घटना स्थल अहरौला थाने से चंद कदम की दूरी पर है। उधर, थाने के पास स्थित सराफा की दुकान से चोरी होने की घटना की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। एसओ अहरौला श्रीप्रकाश शुक्ला आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पीड़ित दुकानदार ने घटना के बाबत अहरौला थाने में तहरीर दी है। उधर, पूरा कोदई गांव निवासी प्रतीक कुमार राय ने भी सोमवार को अहरौला थाने में तहरीर दी है। जिसमें कहा गया है कि रविवार की रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और आलमारी में रखे 15 हजार रुपये नकद व एक मोबाइल निकालने लगे। इस बीच परिजनों की नींद खुल गई। शोर मचाने पर चोर जिस रास्ते आए थे, उसी रास्ते फरार हो गए।