मेंहनगर के ग्राम पंचायत रघुनाथपुर में विकास कार्य के नाम पर करीब एक लाख रुपये की गड़बड़ी रिकवरी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ग्राम प्रधान समेत तीन जिम्मेदारों पर रिकवरी की रकम भी तय कर दी गई है। अब उन्हें नोटिस भेजकर गबन की रकम जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
रघुनाथपुर गांव के प्रधान अनिल कुमार यादव की ओर से गांव में कई कार्य कराए गए थे। जिसमें मजदूरों का पैसा व स्टेशनरी की धनराशि करीब 99 हजार रुपये सीधे अपने खाते में मंगा लिए थे। मामले की शिकायत मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव ने टीम गठित कर मामले की जांच की। जांच में अनियमितताएं पाई गईं। उनकी जांच आख्या के आधार पर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कार्रवाई करने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे को निर्देश दिए। डीपीआरओ लालजी दुबे ने बताया कि जांच में पाया गया कि ग्राम पंचायत अधिकारी अनिल कुमार गोड़ की ओर से करीब पांच हजार रुपये और ग्राम विकास अधिकारी विनोद कुमार की ओर से 44 हजार रुपये व बाकी के अन्य रुपये ग्राम प्रधान ने इनकी मिलीभगत से लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में धांधली करने के आरोपियों से रिकवरी करने के साथ ही अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी अमल में लाई जाएंगी। सबसे रिकवरी के लिए गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।