संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज/सगड़ी। बांग्लादेश सीमा पर रविवार की रात सर्च आपरेशन के दौरान घुसपैठियों से हुई मुठभेड़ में जिले के रहने वाला जवान शहीद हो गया। खबर जिले में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया है। शहीद जवान बिलरियागंज थाना क्षेत्र के महुवी शेरपुर गांव का रहने वाला है।
बिलरियागंज के महुवी शेरपुर गांव निवासी 24 वर्षीय विवेक तिवारी पुत्र हरिनरायन तिवारी दो साल पूर्व सीमा सुरक्षा बल में तैनात हुआ था। उसकी पहली तैनाती जम्मू कश्मीर में हुई थी। सात माह पूर्व वह बांग्लादेश सीमा पर पंश्चिम बंगाल प्रांत में तैनात हुआ था। रविवार की रात विवेक तिवारी सीमा पर सर्च आपरेशन में शामिल था। इसी दौरान बांग्लादेशी घुसपैठियों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें गोली लगने से विवेक गंभीररुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जाता कि इसके पूर्व ही विवेक की मौत हो गई। विवेक के शहीद होने की सूचना सोमवार को परिजनों को फोन पर मिली तो कोहराम मच गया। शहीद की पत्नी मनीषा अपने दो साल के बच्ची को गोद में लिए सुधबुध खो बैठी है। वहीं पूरे गांव ही नहीं जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार शहीद का पार्थिव शरीर मंगलवार की सुबह जिले में पहुंचने की संभावना है।