स्थानीय थाना क्षेत्र के गोखवल गांव में बुधवार की सुबह पट्टीदारों के बीच विवाद के दौरान बीच में आई ननिहाल में रह रही छात्रा की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के पीछे कारण फसल को नुकसान पहुंचाया जाना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा का शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
पवई थाना के मोइनुद्दीनपुर गांव निवासिनी 20 वर्षीया साधना पुत्री जोखन बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह अपने ननिहाल गोखवल गांव में रहती थी। साधना के नाना कमला प्रसाद का उनके चचेरे भाई के परिवार से अक्सर ही कुछ-न कुछ विवाद होता रहता था। बुधवार की सुबह भी मिर्चा की फसल को नुकसान पहुंचने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कमला प्रसाद की नतीनी साधना ने नाना के पट्टीदारों पर ही फसल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुआ। इस बीच साधना रोटी बनाने घर में चली गई। कुछ ही देर बाद पट्टीदार पक्ष के कुछ लोग कमला प्रसाद के घर पर चढ़ आए और साधना की मौसी से कहासुनी करने लगे। इसी दौरान साधना भी मौके पर आ गई और उसने भी मौसी के साथ मिल कर घर पर चढ़ कर आए पट्टीदारों का विरोध करना शुरू कर दिया। इसी पर तैश में आए पट्टीदार पक्ष के दो युवकों ने साधना के सीने पर चाकू से प्रहार कर दिया। जिससे साधना खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। घटना के बाद हमलावार मौके से फरार हो गए। वहीं परिजन साधना को लेकर सीएचसी पवई के लिए रवाना हो गया, लेकिन सीएचसी पहुंचने के पूर्व साधना ने दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा का शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। घटना के बाबत मृतका के नामा कमला प्रसाद ने चार के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने सागर, शनी पुत्रगण शंकर, आकाश पुत्र चंद्रेज तथा आनंद पुत्र लालजी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट गई है। घटना से गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। हत्यारो की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्घार्थ ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। जल्द ही युवती की हत्या करने वालें पुलिस की गिरफ्त में होंगे।