फूलपुर। ग्रामीण क्षेत्रो में दैवी आपदा से खराब हुई फसलों का मुआवजा न मिलने से नाराज किसान संघर्ष समिति ने सोमवार को दीदारगंज चौक पर धान की रोपाई कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद संघर्ष समिति के सदस्यों ने पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा। धरने को संबोधित करते हुए समिति के संयोजक उमेश सिंह ने कहा कि आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा प्रति एकड़ 18 सौ रुपये की दर से किसानों को दिया जाए, खरीफ की फसल के लिए खाद और दवाओं में 50 प्रतिशत की छूट मिले।
उन्होंने कहा कि 18 अप्रैल 2015 को दीदारगंज में किसान पंचायत हुई थी। जिसमें मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार फूलपुर को सौंपा गया था। जिसमें किसानों के नुकसान हुई फसल का मुआवजा देने की मांग की गई थी। मौके पर पहुचे तहसीलदार ने एक माह के भीतर मुआवजा की धनराशि देने का आश्वासन दिया था। लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी किसानों के खाते में मुआवजे की राशि नहीं पहुंची। इस बात को लेकर किसानों में गुस्सा व्याप्त है। इस मौके पर सूरज सिंह, दिलीप कुमार, राम अकबाल, चंद्रिका, कृपाशंकर, अनिल, रामदुलार, जमुना, गोविंद, पप्पू, राजबहादुर यादव, श्रीराम राजभर आदि उपस्थित थे।