आजमगढ़। बलुवहवा गांव निवासी हृदय नारायण निषाद पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ फूलन सेना ने सोमवार को डा. अंबेडकर पार्क में प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
इस दौरान फूलन सेना के पूर्वांचल प्रभारी वेद प्रकाश ने कहा कि सपा शासन में जातिवाद का बोलबाला है। जाति विशेष के लोग अपराध करते हैं तो उन्हें छुआ भी नहीं जाता है। वहीं अगर निषाद समाज का कोई व्यक्ति यदि मूली भी उखाड़ देता है तो उसे कटारी से काटा जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिस हृदय नारायण निषाद को हिस्ट्रीशीटर बनाने की कोशिश नहीं छोड़ती है तो फूलन सेना सड़क पर उतरने को विवश होगी। जिलाध्यक्ष जिलाजीत निषाद ने कहा कि सरकार चाहे किसी की भी रही हो सभी ने निषाद सहित अन्य छोटी जातियों के लोगों को फंसाया है। अब इस सिलसिले का चलने नहीं दिया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने हृदय नारायण निषाद पर लगाए गए आरोपों की जांच सीबीआई से कराने की मांग का ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा। इस मौके पर सीताराम, सुनील, राहुल, हीरालाल, रूपचंद, रामदेव, रवि, सुपचंद, ललई, रजिंदर, राजमन, सतिराम, मुनीब, चंद्रबली आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता शंकर निषाद और संचालन रामप्यारे निषाद ने किया।