आजमगढ़। पीएम और सीएम आवास योजना के तहत जिन लाभार्थियों के आवास पूर्ण हो चुके हैं। उन्हें सोमवार को विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का आयोजन कर नवनिर्मित घर की चाबी देने की योजना तैयार की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हर गरीब जिसके पास सिर छिपाने के लिए छत नहीं है। उसे घर उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस योजना को मूर्त रूप देने के लिए उनके द्वारा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना की शुरूआत की गई। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में ऐसे लोगों को एक कार्यक्रम का आयोजन कर घर की चाबी प्रदान की जाएगी। इसी क्रम में शासन के निर्देश पर 23 दिसंबर को जनपद के विकास भवन सभागार में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास के लगभग 100 लाभार्थियों को उनके नए घर की चाबी प्रदान की जाएगी। परियोजना निदेशक अभिमन्यु कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में इस योजना से हजारों लाभार्थी लाभान्वित हैं। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के कुछ जनपदों से आवास के लाभार्थियों को बुलाया गया है। हमें अपने जनपद में ही लाभार्थियों को चाबी देने का निर्देश दिया गया है। जिसके क्रम में सोमवार को विकास भवन सभागार में लाभार्थियों को बुलाया गया है।