दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के झारोखुर्द गांव में रेलवे गेट के किनारे शनिवार रात 35 फीट गहरी खाई में डीजल लदा टैंकर पलट गया। आजमगढ़ का रहनेवाला चालक केबिन में फंस गया। गैस कटर से टैंकर का केबिन काटकर चालक को 18 घंटे बाद निकाला गया। सीएचसी दुद्धी में चालक का प्राथमिक उपचार करने के बाद वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
शनिवार रात आठ बजे दुद्धी से आश्रम की ओर डीजल भरा टैंकर जा रहा था। झारोखुर्द के पास रेलवे क्राॅसिंग पार करते समय टैंकर अनियंत्रित हो गया। रेलवे गेट की रेलिंग को तोड़ते हुए 30 फीट नीचे खाई में पलट गया। हादसे में चालक टैंकर के केबिन में फंस गया। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटनास्थल पर पहुंचे सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, कोतवाल मनोज कुमार सिंह चालक को निकालने में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद भी रात में टैंकर से चालक को नहीं निकाला जा सका।
चालक राममूरत निवासी निजामाबाद आजमगढ़ पूरी रात पानी में पलटे टैंकर के केबिन में फंसा रहा। रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलता रहा। 18 घंटे बाद रविवार को दोपहर दो बजे चालक को बाहर निकालने के बाद सीएचसी दुद्धी ले जाया गया। चिकित्सक डॉ.शाह आलम अंसारी ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। चालक को पैर और शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।
हिंडाल्को से मंगाई गई क्रेन
फंसे चालक को निकालने के लिए प्रशासन ने हिंडाल्को से क्रेन मंगाई। इससे टैंकर को कुछ ऊपर उठाने के बाद गैस कटर से केबिन को काटा गया। तब चालक को निकाला जा सका। टैंकर पलटने की सूचना मिलने पर चालक के परिजन धनंजय यादव, तीर्थ राज यादव, प्रशांत यादव, अर्जुन यादव व रिश्तेदार आजमगढ़ से पांच बजे भोर में घटनास्थल पर पहुंच गए।