मांगों के समर्थन में डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रों का बेमियादी अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। सुबह के समय अनशनरत कुछ छात्रों की तबीयत खराब हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा। वहीं, साथियों की बिगड़ती हालत को देख छात्र भड़क गए और गेट में ताला बंदकर एसडीएम सदर को बंधक बना लिया। बाद में उन्होंने एडीएम प्रशासन से बातचीत कराने का आश्वासन देकर खुद को मुक्त कराया।
बताते चलें कि 11 सूत्री मांगों को लेकर 13 छात्रों ने मंगलवार से कालेज परिसर में अनशन शुरू कर दिया। बुधवार को भी अनशन पर बैठे छात्रों में आठ की हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ने उन छात्रों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। साथियों की बिगड़ती हालत को देख छात्र भड़क गए और गेट में तालाबंदी करते हुए एसडीएम को बंधक बना लिया।
एसडीएम ने छात्रों की एडीएम प्रशासन से बातचीत कराने का आश्वासन देकर खुद को उनके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद अनशन पर बैठे छात्रनेता एडीएम से मिलने पहुंचे लेकिन उन्होंने छात्रों की मांगों पर कोई उचित आश्वासन नहीं दिया। पूरे दिन चली रस्साकशी के बाद भी छात्रों के अनशन को प्रशासन को नहीं तुड़वा सका।
वहीं, छात्रों के हंगामे को देखते हुए नगर कोतवाल ईशा खां, सीओ सिटी संजीव सुमन मौके पर डटे रहे। उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र मांगों के पूरी तक अनशन पर अड़े रहे। इस मौके पर विनोद यादव, देवेंद्र दुुबे, जूही श्रीवास्तव, अवनीश यादव, पंकज यादव, निखिल भारती, महेंद्र यादव, संजय यादव, शैलेश कुमार, अनुज गुप्ता आदि उपस्थित थे।