बरदह के गोठांव गांव के पास गंभीरपुर मार्टीनगंज मार्ग पर सड़क हादसे के बाद खाई में गिरी कार। संव
बरदह थाना क्षेत्र के गोठांव गांव के समीप गंभीरपुर-मार्टिनगंज मार्ग पर मंगलवार की देर शाम करीब 7:30 बजे तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराते हुए खाई में पलट गई। हादसे में स्कार्पियो सवार सात लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे लगा पेड़ क्षतिग्रस्त हो गया और स्कार्पियो के परखचे उड़ गए। दीदारगंज थाना क्षेत्र के लारपुर जोखू गांव से बारात लेकर स्कार्पियो गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कमरावा गांव जा रही थी। इसी दौरान गोठांव गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
देखते ही देखते स्कार्पियो पेड़ से टकराकर खाई में जा गिरी। हादसे में लारपुर जोखू गांव निवासी उदयभान (27), अमन (22), बिट्टू (25), वीरू (24), अंकुर (24), राहुल (26) और सूरज (23) घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद दूसरे वाहन से सभी को ठेकमा बाजार स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
गोठांव गांव के समीप सड़क के इसी स्थान पर लगातार चार दुर्घटनाएं होने से ग्रामीणों में चिंता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से दुर्घटना संभावित स्थल का निरीक्षण कराकर संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है। बरदह थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हालांकि, इस हादसे को लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है।