फूलपुर खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर पीने के पानी की टोटी यूं पड़ी हुई है बदहाल
रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन का दर्जा मिले एक साल से अधिक का समय बीत गया है, लेकिन आज भी स्टेशन पर माडल स्टेशन के हिसाब से कोई सुविधा नहीं है। जबकि रूट से एक दर्जन एक्सप्रेस और चार जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें गुजरती हैं।
लेकिन स्टेशन पर यात्री सुविधा के नाम पर व्यवस्था नदारद हैं। वहीं लगभग छह वर्षों से हो रहा प्लेटफार्म नंबर दो का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है। रेलवे स्टेशन पर अगर पीने के पानी की व्यवस्था को छोड़ दें, तो यहां पर यात्रियों के ठहरने के लिए प्रतीक्षालय (डारमेट्री) का निर्माण काफी दिनों से हो रहा है जो अभी तक पूरा नहीं हो सका।
टिकट काउंटर पर लगे पंखे कभी नहीं चलते। एसी प्रथम , द्वितीय और तृतीय श्रेणी के यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय नहीें है। मूत्रालय और शौचालय न होने से यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
जीआरपी थाना प्लेटफार्म पर न होकर स्टेशन से बाहर है। रेलवे कालोनी में गंदगी है। स्टेशन के बार आटो स्टैंड न होने से भी यात्रियों को परेशानी है। इधर-उधर आटो खड़ा होने जाम की स्थिति बन जाती है।
स्टेशन मास्टर बाबू राम ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर दो का निर्माण ठेकेदार के भागने के कारण प्रभावित हुआ था। दूसरा ठेकेदार आया है अब उसके द्वारा कार्य को पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर पानी की समस्या को दुरुसत कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यालय निवासी यात्री गोविंद ने बताया कि वाशिंग पिट होने के बाद भी ट्रेनों की सफाई नहीं होती। इसके चलते गंदगी भरे कोच में दिल्ली यात्रा करनी पड़ी है। यात्री अमरजीत ने कहा कि काफी दिनों से बन रहा प्लेटफार्म नंबर दो अभी तक नहीं बना। ऐसे में ट्रैक पार कर दूसरी ओर जाना पड़ता है। इससे हादसे का डर बना रहता है।