आजमगढ़। कमिश्नर विजय विश्वास पंत ने बृहस्पतिवार को सीडीओ कार्यालय, जिला चिकित्सालय और बलरामपुर स्थित सीवर पंपिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ कार्यालय में डिप्टी सीएमओ, जेई सहित सात अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही अन्य का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने सीवर पंपिंग स्टेशन में पांच पंपों में दो पंप खराब पाए। वहां पर भारी मात्रा में सिल्ट भरी हुई है। जल निगम के अधिशासी अभियंता और ईओ नगर पालिका को निर्देशित किया कि तीन दिन के अंदर खराब पंपों को ठीक कराने के साथ ही सिल्ट सफाई कराएं। सीएमओ कार्यालय के निरीक्षण में उपस्थिति पंजिका में मार्च माह में कुल आठ चिकित्साधिकारियों के नाम अंकित थे, लेकिन वर्तमान माह में उक्त रजिस्टर में चिकित्साधिकारियों के नाम प्रशासनिक अधिकारी ने अंकित नहीं किए थे। पाया गया कि कर्मचारियों की उपस्थिति को भी प्रशासनिक अधिकरी द्वारा नियमित रूप से चेक नहीं किया जा रहा है। मण्डलायुक्त ने दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता मानते हुए प्रशासनिक अधिकारी बीके मिश्रा को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया। डिप्टी सीएमओ डा. सीपी गुप्ता के साथ ही जेई रामनयन प्रसाद, कनिष्ठ सहायक अंजना सिंह, फार्मासिस्ट रवि कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक मोहसिन, चपरासी गंगा प्रसाद यादव और चौकीदार विजय कुमार सिंह अनुपस्थित पाए गए। इन कर्मचारियों में चार कर्मचारी 30 और 31 मार्च को भी अनुपस्थित थे। सत्यपाल चौहान 30 और 31 मार्च को बिना आवकाश लिए अनुपस्थित थे। सभी अनुपस्थितों का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल का बी औचक निरीक्षण किया। मरीजों से मिले और उनकी समस्या सुनीं।