कमिश्नरी कार्यालय के सभागार में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक को संबोधित करती मंडलायुक्त कनक त्र
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। कमिश्नर कनक त्रिपाठी ने कार्यदायी संस्थाओं के एक परियोजना प्रबंधक का वेतन रोक दिया वहीं, एक अन्य अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिया। बरवां में विद्यालय निर्माण विलंबित रखने पर दो एक्सईएन से भी जवाब तलब किया। कमिश्नर मंगलवार को कार्यालय के सभागार में 50 लाख तथा उससे अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा कर रही थीं।
देवगांव में इंजीनियरिंग कालेज के कार्यों में वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर उन्होंने एक्सईएन लोनिवि को निर्देशित किया कि जितनी परियोजनाओं में वित्तीय अनियमितता प्रकाश में आई हैं उनकी और जिन मामलों में एसआईटी का गठन हुआ है उन सभी का जनपदवार एवं संस्थावार विस्तृत विवरण तत्काल उपलब्ध कराएं। कुल 266 परियोजनाओं में 24 पूर्ण पाई गईं। 32 का निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। आजमगढ़ के बरवां में 2009 से बन रहा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अभी तक अपूर्ण है। कार्यदायी संस्था पैक्सफेड से जानकारी चाही, तो पता चला कि वहां से हाईटेंशन तार काफी विलंब से हटाया गया है। संस्था के एक्सईएन से पूरा विवरण मांगा। निर्माण कार्य विलम्बित करने लिए उक्त अवधि में कार्यरत दो एक्सईएन को जिम्मेदार मानते हुए स्पष्टीकरण मांगा। बलिया में कार्यदायी संस्था सीएलडीएफ के स्तर पर भी कार्य लेट बताया गया।
सीएण्डडीएस के कुछ कार्यों में वित्तीय प्रगति के सापेक्ष भौतिक प्रगति कम पाई गई। उप्र राजकीय निर्माण निगम वाराणसी इकाई के स्तर पर कई कार्य विगत कई वर्षों से बंद हैं। कुछ परियोजनाओं में वित्तीय अनियमितता भी की पाई गयी है। परियोजना प्रबंधक कभी मौके पर उपस्थित नहीं थे। मण्डलायुक्त ने परियोजना प्रबंधक का वेतन रोकने का निर्देश दिया। मऊ में पैक्सफेड के स्तर पर वर्ष 2011 का एक कार्य काफी विलम्बित पाया गया, परियोजना प्रबंधक बिना पूर्व सूचना दिए ही बैठक से अनुपस्थित थे। उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया। बलिया और आजमगढ़ में यूपीपीसीएल के कार्यों में खराब मैटेरियल, गुणवत्ता आदि के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायतों की जांच प्राविधिक परीक्षकग्राम्य विकास से कराए जाने का निर्देश दिया।
उप निदेशक अर्थ एवं संख्या अमजद अली अन्सारी ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को मानक और गुणवत्ता बनाये रखने के साथ ही समयान्तर्गत कार्य पूर्ण कर लिए जाने का निर्देश दिया। अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. एनएल यादव,एसई लोनिवि आजमगढ़ आरएन दास, एसई लोनिवि बलिया एके मणि, टीएसीकेआर प्रजापति, एसई जल निगम एमसी श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक कृषि, अपर सांख्यिकीय अधिकारी डा. नीरज श्रीवास्तव उपस्थित थे।