मार्टीनगंज। तहसील मुख्यालय पर मंगलवार को उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों ने बिजली विभाग पर मनमाना बिल भेजने और वसूूली के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने तहसीलदार को पत्रक सौंप कर समस्या निदान की मांग उठाई।
मार्टीनगंज तहसील के कालेपुर कठेरवां गांव में बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं के घरों पर बिजली का मीटर लगा दिया है। इसके बाद उपभोक्ताओं के मोबाइल पर मनमाना बिल भेजा जा रहा है और बिल की वसूली के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। कुछ घरों पर मीटर तो दे दिया गया है लेकिन उसे अब तक लगवाया नहीं गया है। शीला पत्नी राजेंद्र का कहना है कि विभाग ने मीटर तो दे दिया है लेकिन अब तक कनेक्शन ही नहीं किया है। वहीं मोबाइल पर 2800 रुपये का बिल भेज दिया गया है। मिठाई लाल के नाम पर दो कनेक्शन कर दिया गया है। एक कनेक्शन पर 15 हजार तो दूसरे पर 13 हजार का बिल विभाग ने भेजा है। मोबाइल पर बिल भेजने के बाद अब विभाग के कर्मचारी वसूली को लेकर गांव में पहुंच कर दबाव बना रहे हैं। मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने तहसीलदार प्रेम कुमार राय को पत्रक भी सौंपा। जिस पर एसडीएम ने जांच करा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में मीरा, समला, मालती, सुदामा, सुशीला, प्रभावती, शीला, मिठाई लाल आदि शामिल रहे।