साबरमती एक्सप्रेस का इंजन फेल, यात्री रहे परेशान
अहमदाबाद-दरभंगा के बीच चलने वाली 19165 साबरमती एक्सप्रेस का इंजन मंगलवार को फूलपुर के खुरासन रोड रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया। इसके चलते ट्रेन तीन घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान वातानुकूलित बोगियों की एसी भी बंद हो गई और उमस भरी गर्मी में परेशान यात्रियों ने कुछ समय तक हंगामा भी किया। तीन घंटे बाद इंजन दुरुस्त हुआ तो ट्रेन रवाना हुई।
साबरमती एक्सप्रेस मंगलवार को निर्धारित समय से दो घंटा विलंब से चल रही थी। खुरासन रोड पर उसके आने का समय सुबह 7:35 है, जबकि वह 9:40 पर पहुंची। पहले तो होम सिग्नल के पास इंजन फेल हो गया, जिसके चलते गेट पर जाम लग गया। बाद में किसी तरह से ट्रेन स्टेशन पर रेंगते हुए पहुंची तो उसका पावर स्टेशन फेल हो गया। इसकी सूचना स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल को दी, मऊ से दूसरा पावर भेजने की योजना बन रही थी कि ड्राइवर के प्रयास से साबरमती का इंजन सही हो गया। लगभग तीन घंटे बाद ट्रेन रवाना हुई।
इस दौरान एसी बोगी की एसी काम करना बंद कर दिया तो यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। यात्रियों ने इसकी शिकायत स्टेशन मास्टर उमेश कुमार से की। उन्होंने यात्रियों को समझकर शांत कराया। साबरमती का इंजन फेल होने के कारण कैफियात, गोदान और अन्य सवारी गाड़ियों को प्लेटफार्म नंबर दो से गुजारा गया। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतें हुईं। स्टेशन अधीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि साबरमती एक्सप्रेस का पावर स्टेशन फेल हो गया था, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।