आजमगढ़। आगामी विधान सभा चुनाव के तहत पुलिस महकमा वाहन चेकिंग में जुटा हुआ है। इसी के तहत देवगांव कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात डोमनपुर बैरियर पर चेकिंग के दौरान दो बाइक व एक चार पहिया से कुल 3.85 लाख रुपये बरामद किए। बरामद पैसों को मालखाने में जमा कराया गया है और चालकों से पूछताछ की जा रही है।
देवगांव कोतवाली पुलिस मंगलवार की रात जौनपुर बार्डर पर बने डोमनपुर बैरियर पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम ने भदोही जिले के औराई थाना अंतर्गत औराई ओढरा गांव निवासी अनिल कुमार यादव के बाइक की डिकी से 1,49,360 रुपये बरामद किए। वह पैसों का हिसाब नहीं दे पाए। एक बोलेरो से 1.40 लाख रुपये बरामद किए गए। बोलेरो सवार गाजीपुर के जंगीपुर क्षेत्र के पैंतिया गांव निवासी अजीत यादव भी पैसों की जानकारी नहीं दे पाए। सूरज पाल निवासी अतरिया अमिलिया थाना मेंजा जिला प्रयागराज की बाइक की डिकी से 95,650 रुपये बरामद किए। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बरामद पैसों का कोई हिसाब नहीं दे सका। उसे मालखाने में जमा करा दिया गया है। तीनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।