आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के राजापुर बाजार में मंगलवार देर रात बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक की जहां मौके पर मौत हो गई तो वहीं दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा। मृतकों की पहचान महमूदपुर गांव निवासी 26 वर्षीय नीरज यादव पुत्र रामकेवल और उशके दोस्त 18 वर्षीय अभिषेक पुत्र उत्तम निवासी मोलनापुर थाना दीदारगंज के तौर पर हुई।
दोनों शाहगंज की तरफ से घर वापस लौट रहे थे। हादसा राजापुर बाजार स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के पास हुआ। सड़क पर बने ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर बाइक पेड़ से जा टकराई थी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को शाहगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया।
वहीं अभिषेक की हालत गंभीर देख उसे फूलपुर कस्बा स्थित प्राइवेट अस्पताल लाया गया जहां से डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद से दोनों के घर में कोहराम मचा है।