मोहब्बतपुर में विश्वविद्यालय की भूमि का सीमाकंन करती राजस्व विभाग की टीम।
- फोटो : AZAMGARH
अमिलो/आजमगढ़। मोहब्बतपुर में बनने वाले राज्य विश्वविद्यालय की भूमि का सीमांकन करने के लिए रविवार को एसडीएम के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची। विवि के नाम की गई ग्राम समाज की 38 एकड़ भूमि का सीमांकन किया। वहीं कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम की ओर से विवि की इमारत के निर्माण के लिए सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार करने की बात कही जा रही है।
नये शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रदेश सरकार जहां जनपद राज्य विश्वविद्यालय को क्रियाशील करने के लिए तेजी दिखा रही है वहीं, इसके निर्माण की कवायद शुरू करने पर भी जोर दिया जा रहा है। पिछले दिनों विवि के निर्माण के तय कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम को जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे। रविवार को एसडीएम सदर आशाराम ने राजस्व टीम का गठन कर भूमि को रेखांकित करने के संबंध में आदेश दिया था। टीम ने गांव में पहुंच कर किसानों की मौजूदगी में भूमि को नापकर रेखांकित कर दिया। इस दौरान राजकीय निर्माण निगम के अभियंता पीके श्रीवास्तव भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि भूमि का सीमांकन हो गया है। सर्वे का कार्य किया जा रहा है। जल्द ही विवि की इमारत के निर्माण के लिए यूजीसी के मानक के अनुसार डीपीआर भी तैयार कर ली जाएगी। इससे पहले जिला प्रशासन की ओर से विवि के अस्थायी कार्यालय के संचालन के लिए डीएवी डिग्री कालेज के एक हिस्से को चयनित कर इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया था। स्थानीय रामधनी यादव, संजय यादव, अरविंद, राजू यादव, हेमंत, दीपक विश्वकर्मा, घनश्याम आदि लोगों ने कहा कि अब उच्च शिक्षा के लिए गरीब, किसान, मजदूर वर्ग के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस मौके पर हरेंद्र यादव, लालता यादव, अमित पांडेय, राकेश चौधरी, सुनील, प्रमोद सरोज आदि मौजूद रहे।