आजमगढ़। सिधारी थाना अंतर्गत जाफरपुर स्थित कांशीराम आवास कलोनी में रहने वाली एक किशोरी ने शनिवार की रात अपने आवास में फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह पड़ोसियों ने उसे लटकते देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदे से उतारा और पीएम के लिए भेज दिया।
कांशीराम आवास कालोनी जाफरपुर के ब्लॉक 15/175 में सोती लाल परिवार के साथ रहता है। एक महीने से सोती व उसकी पत्नी भीख मांगने के लिए बाहर गये हुए थे। सोती की 17 वर्षीया बेटी चांदनी आवास पर अकेली थी। वह भी भीख मांगने का काम करती थी। शनिवार की रात में उसने छत के चुल्ले से फंदे के सहारे झूलकर आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह जब वह देर तक नहीं उठी तो पड़ोसियों ने खिड़की आदि से झांक कर अंदर देखा। अंदर चांदनी को फंदे पर लटका देख लोगों के होश उड़ गये। सूचना पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किन कारणों से किशोरी ने आत्महत्या की है, यह ज्ञात नहीं हो सका है। पुलिस माता-पिता के वापस लौटने का इंतजार कर रही है।