आजमगढ़ जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के गांव पिलखुआ में सेना से सेवानिवृत्त हवलदार का शव रविवार की सुबह घर से कुछ दूर ट्यूबवेल के पास चारपाई पर मिला। उनका गला रस्सी से कसा गया था। सूचना पर पुलिस पहुंची और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। इस मामले में तहरीर नहीं दी गई थी।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के गांव पिलखुवा निवासी हरिनरारायण सिंह (65) सेना में हवलदार थे। वर्ष 2007 में वह सेवानिवृत्त होने के बाद गांव पर ही खेती करते थे। घर से 400 मीटर दूर उनका ट्यूबवेल है। बगल में तालाब में मछली पालन भी करते थे। रात को वहीं ट्यूबवेल पर सोया करते थे। रविवार भोर में उनका पुत्र सोनू ट्यूबवेल पर पहुंचा। पिता को जगाया और बगल के खेत में प्याज की खुदाई करने लगा।
आधे घंटे तक पिता के न उठने पर देखा तो वह चारपाई पर मृत पड़े थे। सोनू ने बताया कि गला रस्सी से कसा गया था। उसने सौ नंबर पर फोन कर पुलिस और परिजनों को जानकारी दी। पुलिस के साथ सीओ लालगंज अजय यादव मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार वह ट्यूबवेल के दरवाजे की चाभी रस्सी में बांध कर रखते थे। उसी रस्सी से गला कसा गया था। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। मौके पर डाग स्क्वॉड भी बुला ली गई थी। खोजी कुत्ता ट्यूबवेल से घर तक जाकर लौट गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों की जल्दबाजी से उलझी कहानी
सीओ लालगंज अजय यादव ने बताया कि परिजनों ने ट्यूबवेल से शव हटा दिया था और लेकर घर चले गए थे। इसलिए फॉरेंसिक टीम को भी सुबूत जुटाने में परेशानी हो रही है। वहीं, परिजन जिस रस्सी और टार्च की बात कर रहे हैं, वह ट्यूबवेल से 50 मीटर दूर खेत में मिला है। शव के हटाने से कहानी उलझ गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।