आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली दिव्यांग युवती के साथ गाजीपुर जिले के रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर व सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर पांच साल तक यौन उत्पीड़न किया। शुक्रवार को पीड़िता ने इस बाबत मेंहनगर थाने में युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और शनिवार को पीड़िता को मेडिकल मुआयने के लिए भेज दिया।
दिव्यांग युवती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के भिखईपुर गांव निवासी हरेंद्र चौहान पुत्र राम विजय शादी का झांसा देकर और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर उसके साथ पांच सालों से दुष्कर्म करता चला आ रहा है। इसके लिए वह उसे बहरियाबाद स्थित अपने पिता के कार्यालय पर बुलाता था। दो बार वह गर्भवती भी हो गई तो उसने उसका गर्भपात भी कराया। पांच साल का लंबा समय बीत गया लेकिन हरेंद्र न तो उसे किसी सरकारी योजना का लाभ ही दिलाया न ही उससे शादी ही किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया और शुक्रवार की देर शाम ही नामजद आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया। शनिवार को उसका संबंधित धाराओं में चालान करने के साथ ही पीड़िता को मेडिकल मुआयने के लिए अस्पताल भेज दिया।