आजमगढ़। मृतक संघ ने जीवित मृतकों को न्याय दिलाने के लिए जीवित मृतक व धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार निवारण आयोग के गठन की मांग उठायी है। मृतक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल बिहारी मृतक ने मंगलवार को सीएम आवास पर मुख्यमंत्री से मिल कर जनहित में आयोग के गठन को लेकर पत्रक दिया गया।
लाल बिहारी मृतक ने बताया कि आयोग के गठन के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिख कर मिलने के लिए समय मांगा था। उक्त पत्र के आधार पर ही मुख्यमंत्री कार्यालय से उन्हें 22 अक्टूबर को शाम साढ़े पांच बजे मिलने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान जीवित मृतकों को न्याय दिलाने और भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेश में जीवित मृतक व धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार निवारण आयोग का गठन करने की मांग की गई। इस आयोग के माध्यम से जीवित मृतक अपनी समस्या सरकार तक पहुंचा सकते है और सरकार उन्हें न्याय दिला सकती है।