फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आजमगढ़ में अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा: आलीशान कोठियों से 30 लाख से अधिक का माल बरामद, पूर्व सांसद का रिश्तेदार समेत 7 गिरफ्तार

Wed, 23 Feb 2022 09:50 AM IST
उत्पल कांत अमर उजाला नेटवर्क, आजमगढ़

सार

आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई 14 मौतों के बाद मंगलवार को पुलिस हरकत में आई।  रुपईपुर गांव में छापा मारकर तीन अलग-अलग आलीशान कोठियों से अवैध शराब व नकली दवाएं बरामद की। 
विज्ञापन
आजमगढ़ में अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जहरीली शराब से हुई 15 लोगों की मौत के बाद आजमगढ़ पुलिस एक्शन में है।  पुलिस महकमे ने मंगलवार की रात मुख्य आरोपी देसी शराब की दुकान के अनुज्ञापी रंगेश यादव की निशानदेही पर रूपईपुर में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यहां से भारी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी हुई।

विज्ञापन


रंगेश यादव समेत सात लोग गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि छह फरार हो गए। फरार आरोपियों में दो पर 25-25 हजार और चार सगे भाइयों पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया है।  एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जहरीली शराब कांड में हिरासत में लिए गए अनुज्ञापी रंगेश यादव और मो. फहीम से पूछताछ में पता चला कि रूपईपुर गांव स्थित मो. फहीम के मकान में अवैध शराब फैक्ट्री का संचालन हो रहा है।

यहां अवैध शराब बनाने के साथ नकली दवाएं भी बनाई जाती थी। इस पर मंगलवार की रात एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वहां छापा मारा। मुख्य आरोपी अनुज्ञापी रंगेश यादव समेत सात लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया तो छह भाग गए। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब और पैकिंग करने के उपकरण, बार कोड, शीशी, ढक्कन व नकली कफ सिरप, मारुति वैन, आटो, बाइक व स्कूटी बरामद की।

विज्ञापन

तीन माह से रंगेश के ठेके से बिक रही थी अवैध शराब

एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि हिरासत में लिए गए फहीम का भाई नदीम इस अवैध शराब फैक्ट्री का संचालक है। तीन मकानों में अवैध शराब रखी गई थी। इसे जरूरत के हिसाब से बाजार में सप्लाई किया जाता था। फैक्ट्री संचालक नदीम फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगी है।   एसपी ने बताया कि पूछताछ में पूर्व सांसद और सपा नेता रमाकांत यादव के रिश्तेदार व अनुज्ञापी रंगेश ने बताया कि बीते तीन माह से उसके ठेके से रूपईपुर की अवैध शराब की बिक्री की जा रही थी।  

रात भर चली छापमारी, जमीन में दबा कर रखी थी शराब
आजमगढ़। पुलिस महकमे की माने तो फैक्ट्री संचालक बड़े पैमाने पर अवैध शराब का धंधा करता था। अपने मकान के अहाते में उसने जमीन में दबा कर शराब रखी थी। इसे जेसीबी की मदद से खोदाई कर बरामद किया गया है। देर रात 11 बजे से लेकर सुबह चार बजे तक पुलिस टीम ने यहां कार्रवाई की। 

डीआईजी ने बढ़ाई इनामी राशि

माहुल जहरीली शराब कांड के बाद रूपईपुर में पकड़ी गई अवैध शराब फैक्ट्री के भंडाफोड़ के दौरान फरार छह अभियुक्तों पर एसपी अनुराग आर्य ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। लेकिन,  डीआईजी अखिलेश कुमार ने फरार अभियुक्तों में शामिल चार सगे भाइयों मो. नदीम, मो. कलीम, मो. नईम व मो. सलीम, निवासी रुपईपुर थाना अहरौला पर 50-50 हजार कर इनाम घोषित कर दिया है।

एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सभी पर गैंगेस्टर एक्ट लगा कर 14 ए के तहत संपत्ति जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगा दी गई हैं। बताया कि पूर्व सांसद और सपा नेता रमाकांत व भाजपा विधायक अरुणकांत से जुड़े कनेक्शन भी तलाशे जा रहे हैं। 

भाजपा की साजिश और प्रशासन की लापरवाही से हुई घटना: रमाकांत यादव

रमाकांत यादव - फोटो : अमर उजाला
पूर्व सांसद रमाकांत यादव ने कहा कि रंगेश यादव मेरी बहन का नाती है। यह स्वीकार करने में मुझे कोई गुरेज नहीं है। यदि वह जहरीली शराब कांड में दोषी है तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन, यदि वह निर्दोष है तो उसे कार्रवाई की जद में लाना स्वीकार नहीं है। माहुल में जहरीली शराबकांड के पीछे भाजपा की साजिश और प्रशासन की लापरवाही मुख्य कारण है।

पूर्व सांसद रमाकांत यादव ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि माहुल क्षेत्र में ऐसा कोई नशीला पदार्थ नहीं है, जिसकी बिक्री अवैध रूप से नहीं की जाती है। मई 2021 में पवई जहरीली शराबकांड में मित्तूपुर में अवैध शराब फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसमें आजमगढ़ और अंबेडकरनगर जिले में कुल 52 मौतें हुई थीं। 

बताया कि अभी तीन माह पूर्व ही अहरौला के शमसल्लीपुर में राजभर परिवार के तीन लोगों की मौत हुई थी। हमने स्वयं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की लेकिन ध्यान ही नहीं दिया गया। इसका परिणाम है कि माहुल में फिर इतनी बड़ी घटना हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने कोई कार्यक्रम आयोजित किया था।

इसमें बाहर की नकली शराब बांटी गई और उसी शराब को पीने से लोगों की मौत हुई है। गौरतलब है कि माहुल में जिस सरकारी दुकान से शराब खरीद कर पीने के बाद लोगों की मौत हुई है, उस दुकान का अनुज्ञापी रंगेश यादव है।
विज्ञापन

छोटों पर कार्रवाई कर बड़ों को बचाने की कोशिश

मृतकों के परिजनों में मचा चीत्कार - फोटो : अमर उजाला
माहुल के जहरीली शराब कांड में एक आबकारी इंस्पेक्टर नीरज सिंह को निलंबित कर दिया गया तो पुलिस विभाग ने एसओ अहरौला संजय कुमार सिंह व दो कांस्टेबल को निलंबित करने की संस्तुति कर दी गई है। हालांकि चुनाव के चलते ये सभी अभी कार्य कर रहे हैं। जबकि, जिला आबकारी अधिकारी की कोई जिम्मेदारी नहीं तय की गई है। माहुल में हुई घटना के एक दिन पूर्व जिला आबकारी अधिकारी छुट्टी पर जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन चुनाव के चलते उन्हें छुट्टी नहीं मिल सकी। यह बात खुद जिला आबकारी अधिकारी ने बताई है। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें