उत्तर प्रदेश योगासन खेल संघ द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय योगासन खेल चैंपियनशिप प्रतियोगिता में आजमगढ़ की प्रतिभावान दो बहनों ने गोल्ड मेडल जीत कर जिले का नाम रोशन किया।
शहर के भदुली गांव निवासी शंकर प्रसाद योगाचार्य की बेटियां कुमारी रागेश्वरी और तेजस्वनी बचपन से ही योग में रमी है। ऐसे में उत्तर प्रदेश योगासन खेल संघ द्वारा कानपुर में आयोजित राज्यस्तरीय योगासन चैंपियनशिप के लिए दोनों को नामित किया था। प्रतियोगिता में राजेश्वरी व तेजस्वनी ने सैकड़ों प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए आर्टिस्टीक योगासन पेयर में गोल्ड मेडल प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल की। इस उपलब्धि के बाद दोनों बेटियों का चयन गुजरात में 17 दिसंबर से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय योगासन खेल चैंपियनशिप प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो जनपद के लिए गौरव की बात है। योगासन खेल संघ के अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा ने बताया कि रागेश्वरी और तेजस्वनी की इस उपलब्धि से जिले में हर्ष व्याप्त है। इसक्रम में डिस्ट्रिक योगासन स्पोर्टस एसोसिएशन और योगासन खेल प्रशिक्षण केंद्र की तरफ से आगामी 12 दिसंबर की सुबह आठ बजे से पहाड़पुर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। जिसमें रागेश्वरी व तेजस्वनी को एडीएम प्रशासन अनिल कुमार और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। बधाई देने वालों में कल्पनाथ सिंह, विनय राय, शंकर प्रसाद योगाचार्य, डा प्रशांत कुमार राय, मंगल प्रसाद, नवलप्रसाद, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, एसके सत्येन, रणजीत सिंह, आशा सिंह, उषा राय व रीना गुप्ता सहित आदि उपस्थित थे।