आजमगढ़। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। नए संक्रमित मिल रहे है तो वहीं संभावित चौथी लहर के दौरान दो लोगों की कोरोना से मौत भी हो चुकी है। शासन-प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग लगातार आम जनता से गाइड लाइन का अनुपालन करने की अपील कर रह है लेकिन खुद गाइड लाइन की धज्जियां उड़ा रहे है। सीएमओ कार्यालय हो अथवा सरकारी अस्पताल कहीं भी गाइड लाइन का अनुपालन होता नहीं नजर आ रहा है। कोरोना संक्रमण के चौथी लहर की संभावना जतायी जा रही है। जिसका असर भी जिले में अब दिखने लगा है। बीते एक पखवारे में दो दर्जन से अधिक नए संक्रमित मिल चुके है। वहीं वर्तमान में दो दर्जन के लगभग एक्टिव केस जिले में मौजूद है। इतना ही नहीं जहानागंज क्षेत्र के रहने वाले दो कोरोना संक्रमितों की मौत भी हो चुकी है। जिसमें एक महिला व एक पुरूष शामिल है। स्वास्थ्य विभाग हो अथवा प्रशासनिक अमला सभी आम जनता से कोरोना गाइड लाइन के अनुपालन की अपील कर रहे है लेकिन जब खुद गाइड लाइन के अनुपालन की बात आती है तो उसकी धज्जियां उड़ा रहे है। सीएमओ कार्यालय में ही कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन होता नहीं नजर आ रहा है। शुक्रवार को अमर उजाला की टीम जब सीएमओ कार्यालय पहुंची तो कार्यालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष हो अथवा गैलरी व बारामदा हर जगह कार्यालय कर्मी गाइड लाइन की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे थे। न तो किसी के चेहरे पर मास्क था न ही किसी तरह की सामाजिक दूरी ही नजर आ रही थी।
सीएचसी-पीएचसी पर भी अनदेखी
आजमगढ़। सीएमओ कार्यालय ही नहीं इनके अंडर में आने वाले सामुदायिक, प्राथमिक व अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी गाइड लाइन का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। जिन केंद्रों पर टीकाकरण व कोरोना की जांच हो रही है। वहां तैनात कर्मचारी भी गाइड लाइन की अनदेखी कर रहे है और जिम्मेदार मूकदर्शक बने हुए है।
बैठकों में भी हो रही अनदेखी
आजमगढ़। सबसे बड़ी बात तो यह है कि स्वस्थ्य विभाग के बैठकों में भी कोरोना गाइड लाइन की अनदेखी की जा रही है। बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय में संचारी रोग जागरूकता अभियान को लेकर बैठक थी। इस बैठक में भी मौजूद ज्यादातर लोग बिना मास्क के उपस्थित थे। वहीं बृहस्पतिवार को ही मंडलीय अस्पताल में एसआईसी के सेवानिवृत्त होने पर आयोजित विदाई समारोह के दौरान भी ऐसा ही कुछ नजारा देखने को मिला था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार से संचारी रोग नियंत्रण पखवारा की शुरूआत की गई है। जिसे लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट से जागरूका रैली निकाली गई थी। इस रैली में शामिल विभिन्न नर्सिंग कालेज की छात्राएं भी बिना मास्क के थी। इतना ही नहीं सामाजिक दूरी का अनुपालन तो होता कही नहीं दिखायी दिया।