आजमगढ़। जिले में मंगलवार को कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मनाई। सर्वप्रथम उनके चित्र पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। फूलपुर कस्बा स्थित भाजपा कार्यालय में भानुप्रताप चौहान की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाया गया।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय कुशल संगठनकर्ता थे। वह अंत्योदय और एकात्म मानववाद दर्शन के जनक रहे। उनके सिद्धांतों को साकार करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। देवगांव क्षेत्र के रेतवां चंद्रभानपुर में पूर्व मंडल अध्यक्ष रजनीकांत त्रिपाठी ने कहा कि अंतिम पंक्ति में बैठे अंतिम व्यक्ति के विकास की वह हमेशा बात करते थे। आज उनकी सोच को डबल इंजन की सरकार साकार कर रही है। अध्यक्षता सच्चिदानंद तिवारी, संचालन मंडल महामंत्री संतोष तिवारी ने किया। बरदह में भाजपा व गौ रक्षा के सदस्य अनिल राय की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मनाई गई। उन्होंने कहा कि जब तक अंतिम व्यक्ति हर योजना का लाभ नहीं पहुंच जाता तब तक हम लोग आराम नहीं करेंगे, यह पंडित दीनदयाल का सपना था। इस मौके पर शरद राय,राजेश सरोज, बृजेश राय आदि मौजूद थे।