कलेक्ट्रेट चौराहे पर प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी युवजन सभा, छात्रसभा, लोहिया वाहिनी और यूथ बिग्रेड के पूर्व अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से सोमवार को सपा कार्यालय से जुलूस निकाला। अग्रसेन चौराह होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंचे। वहां से जिलाधिकारी कार्यालय के पास पहुंचकर प्रदर्शन किया गया। मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी को अंदर नहीं जाने दिया। राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा गया।
सौंपे गए ज्ञापन में किसानों का ऋण माफ किए जाने, मुफ्त सिंचाई, गन्ना किसानों का जल्द से जल्द भुगतान किए जाने, किसानो की आय दो गुनी किए जाने, शिक्षा का निजीकरण बंद किए जाने, करोना के कारण छात्र-छात्राओं से फीस नहीं लिए जाने, सरकारी नौकरियों में पदों की कटौती बंद किए जाने, बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराए जाने, सरकारी विभागों का निजीकरण बंद किए जाने, दलित और पिछड़ों को मिलने वाले आरक्षण में की जा रही कटौती को बंद किए जाने, बीएड और अन्य पाठ्यक्रमों में दलितों को नि:शुल्क प्रवेश दिलाए जाने की मांग की गई। चारो संगठनों के पूर्व अध्यक्षों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हमारी मांगों को संज्ञान में लेते हुए सरकार ने इसका निराकरण नहीं किया तो समाजवादी नौजवान सडक़ों पर निकलने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर युवजन सभा के पूर्व अध्यक्ष आदर्श कुमार सिंह, छात्र सभा के पूर्व अध्यक्ष आर्शीवाद याव, लोहिया वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष आमिर गुड्डू, यूथ बिग्रेड के पूर्व अध्यक्ष राजेश गिरि, विपुल राय, वरुण कुमार यादव, धीरेंद्र यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।