आजमगढ़। डीएम राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख और उससे अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा शुक्रवार को की गई। कार्यदायी संस्था लोनिवि निर्माण खंड 5, उप्र आवास एवं विकास परिषद, निर्माण इकाई वाराणसी-आजमगढ़, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, यूपीआरएनएसएस को निर्देशित किया कि निर्धारित समय में पूर्ण कराएं। गुणवत्ता में समझौता नहीं किया जाएगा।
इस दायरे में थाना रानी की सराय में 48 क्षमता का बैरक एवं एक विवेचना कक्ष, थाना मेंहनाजपुर में 40 क्षमता का बैरक व एक विवेचना कक्ष का निर्माण, वीवीपैट गोदाम, ईवीएम गोदाम, सीएचसी कुशलगांव व लाटघाट, सीएचसी लालगंज में 100 शैय्या चिकित्सालय, महाराजगंज में भैरव बाबा स्थल का पर्यटन स्थल, पल्हना के ग्राम मियापुर बासदेवा में वृहद गो संरक्षण केंद्र, आवासीय तहसील मार्टीनगंज, पीएचसी छाऊ मोहम्मदपुर, राजकीय पॉलिटेक्निक मकराहा अतरौलिया, राजकीय पॉलिटेक्निक भीलीहिली में छात्रावास का निर्माण, दुर्गाजी होम्योपैथिक कालेज चंडेश्वर में पार्किंग, औषधि भंडार, म्यूजियम हाल और बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा है।
डीएम ने जिनका निर्माण कार्यों का माइलस्टोन के सापेक्ष लक्ष्य पूर्ण नहीं है, उनको चेतावनी देने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुशल गांव व लाटघाट के निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर स्पष्टीकरण मांगा। मोइनुद्दीनपुर-पटवध मार्ग, लखनऊ-बलिया मार्ग, इलाहाबाद-जौनपुर मार्ग आदि सड़कों की समीक्षा की गई। निर्माण खंड 5 व 2 के एक्सईएन को निर्देश दिए कि निर्धारित समय से पूर्ण कराएं। शहर के आसपास जो सड़कें गड्ढ़ायुक्त हैं, उन्हें इस माह के अंत तक पूर्णत: गड्ढ़ामुक्त कराने को कहा। रेलवे ब्रिज से सर्किट हाउस मार्ग को दिसंबर तक पूर्ण कराने को कहा। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, डीडीओ रवि शंकर राय आदि थे।