आजमगढ़। एक प्राइवेट कंपनी के अभिकर्ताओं ने बुधवार को शहर कोतवाली पर प्रदर्शन कर लोगों से जमा कराए गए पैसा दिलाने की मांग किया। अभिकर्ताओं के माध्यम से प्राइवेट कंपनी ने करोड़ों रुपये पांच साल में दो गुना करने के नाम पर जमा कराया था। अब कंपनी के भाग जाने पर पैसा जमा करने वाले अभिकर्ताओं से पैसा वापस मांग रहे है।
प्रदर्शन करने वाले इंद्रदेव खरवार ने बताया कि दस साल पूर्व समाचार पत्र में एक हायर डेवलपर्स लिमिटेड नामक कंपनी का विज्ञापन निकला था। जिसमें अभिकर्ताओं की नियुक्ति की बात थी। जिस पर काफी संख्या में लोगों ने कंपनी के मऊ जिले के सहादतपुरा स्थित आफिस पर पहुंच कर आवेदन किया। इंटरव्यू के बाद नियुक्ति पत्र दिया गया और फिर दो दिनों का प्रशिक्षण भी कराया गया। इसके बाद अभिकर्ताओं के माध्यम से करोड़ों रुपये पांच साल में दो गुना करने के नाम पर जमा कराए गए। कंपनी के एमडी ने मऊ में आफिस बना रखा था। पांच साल पूरा होने पर लोगों ने जब पैसा वापस मांगना शुरू किया तो कंपनी के लोगों ने आज-कल की बात कह बरगलाना शुरू कर दिया। डेढ़ साल पूर्व हम मऊ आफिस पर पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला। आसपास पता करने पर ज्ञात हुआ कि कंपनी के लोग सारा सामान लेकर जा चुके है।
कंपनी के एमडी से मोबाइल पर बात की गई तो उन्होंने 31 जनवरी 2021 को मध्य प्रदेश के दतिया जिला स्थित एक होटल पर बुलाया। वहां भी जल्द भुगतान की बात कही गई। इसके बाद से एमडी का फोन भी बंद हो गया और कोई संपर्क नहीं है। पैसा जमा करने वालों से अभिकर्ता परेशान हो उठे तो एसपी मऊ को पत्रक भी दिया लेकिन कुछ नहीं हुआ। बुधवार को अभिकर्ताओं ने शहर कोतवाली पर प्रदर्शन किया और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया। पत्रक देने वालों में ओमकार प्रजापति, जगदंबा सिंह, संजय शाह, संजय विश्वकर्मा, सुनील गुप्ता, सुनील प्रजापति, अरूण सिंह, जितेंद्र, रणजीत चौरसिया समेत काफी संख्या में अभिकर्ता शामिल रहे।