आजमगढ़। जिले में चल रही डीएलएड परीक्षा नए विवाद में फंस गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश पर मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, अंजान शहीद के प्रभारी प्रधानाचार्य मुहम्मद शाहेदीन और शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज, आजमगढ़ के प्रभारी प्रधानाचार्य जैद नूरुल्लाह को परीक्षा ड्यूटी से हटाने का आदेश दिया गया था। यह आदेश संबंधित प्रबंधकों को दिया गया था, ताकि परीक्षा का संचालन अन्य व्यक्तियों से कराया जा सके। इसके बावजूद, पहले दिन की परीक्षा इन डिबार किए गए प्रधानाचार्यों ने ही कराई।
पूर्व में बोर्ड परीक्षाओं में केंद्र व्यवस्थापक और मूल्यांकन में उपनियंत्रक का दायित्व अन्य व्यक्तियों से लिया जा चुका है। इसके बावजूद इस बार प्रबंधकों पर जिम्मेदारी डालकर मामले को कथित तौर पर टाला गया। पहले दिन की परीक्षा के बाद यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि यदि कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जवाबदेही कौन लेगा। स्थानीय लोगों और अभ्यर्थियों में चर्चा है कि पूरे जनपद में केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की नियुक्ति हमेशा शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा की जाती रही है, लेकिन इस बार आदेश को लागू करने में टालमटोल की नीति अपनाई गई। परीक्षा की शुचिता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देना अब विभाग के लिए चुनौती बन गया है।
मौलाना आजाद इंटर कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य मुहम्मद शाहेदीन की एक शिकायत आई थी। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। -उपेंद्र कुमार डीआईओएस आजमगढ़।