रानी की सराय। थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव के पूर्व प्रधान की हत्या में नामजद नौ लोगों की गिरफ्तारी में अभी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस की कार्रवाई अभी पूछताछ तक ही सीमित है। गांव में सोमवार को तीसरे दिन भी एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात रही। एसओ रामायण सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
अल्लीपुर गांव के पूर्व प्रधान 45 वर्षीय राजेश यादव पुत्र दयाशंकर यादव शनिवार की रात आठ बजे गांव निवासी सीताराम प्रजापति के यहां दावत में गए थे। इस दौरान हमलावरों ने पहले उनकी लात-घूसे से पिटाई की और फिर एक दो नहीं बल्कि पांच गोलियां मार कर हत्या कर दी। मृत प्रधान के छोटे भाई राकेश यादव ने देर रात नौ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें गांव का कोटेदार दीपक यादव व प्रदीप पुत्र दयाराम, ज्ञान शंकर व दयाराम पुत्र चंद्रधारी, अवधेश पुत्र वंशराज, रोहित पुत्र रामराज, सीताराम प्रजापति पुत्र दिलीप प्रजापति, गब्बर उर्फ रीतिक पुत्र सतीराम, संजय पुत्र गुलाब चंद आदि भी शामिल थे। इसके अलावा पांच अज्ञात लोग भी घटना में शामिल बताए गए थे। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। हालांकि अभी तक उसे कोई सफलता नहीं मिली है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।