वीएचपी की बैठक में शामिल कार्यकर्ता।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। एक लाख से अधिक स्थानों पर स्थापना दिवस के कार्यक्रम, कोरोना से रक्षा, अवैध मतांतरण पर रोक व मठ-मंदिरों की मुक्ति के संकल्प के साथ विहिप की दो दिवसीय बैठक रविवार को संपन्न हो गई। हरिश्चंद्र मिश्रा पब्लिक स्कूल में आयोजित बैठक में एक लाख स्थानों पर स्थापना दिवस मनाने की बात कही गई। बैठक में राम जन्मभूमि न्यास के महामंत्री चंपत राय भी मौजूद रहे।
अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार कहा कि श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान में पूरे देश में संपर्क किए गए। गांवों में एक लाख से अधिक स्थानों पर कार्यकर्ता स्थापना दिवस कार्यक्रम मनाएंगे। कोरोना की तीसरी लहर से रक्षा व उसके विरुद्ध संघर्ष की शुरूआत बैठक में हुई है। हम देशभर की हिदू शक्तियों के साथ मिलकर भारत के एक लाख से अधिक गांवों एवं शहरी मलिन बस्तियों में व्यापक जनजागरण कर न सिर्फ लोगों को इससे बचाव के प्रति जागरूक करेंगे बल्कि पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद भी करेंगे। महामारी से इस बार बच्चों के विशेष निशाना बनने की आशंका को देखते हुए हम महिलाओं के विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था कर रहे हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लिया और संगठन को मजबूत कनाने का मंत्र दिया। इस कार्यक्रम में गोरक्ष प्रांत के 21 जिलों के जिला, विभाग व प्रांत स्तर के डेढ़ सौ से अधिक पदाधिकारी शामिल हुए। इस मौके पर प्रांत उपाध्यक्ष ओंकार राय शर्मा, जिलामंत्री गौरव रघुवंशी, कार्याध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, पंकज मिश्रा, दीनानाथ सिंह, अरविंद मोदनवाल आदि उपस्थित थे।