Azamgarh News : खाद्य विभाग ने जिले में चौथी बार ये कार्रवाई की है। विभाग के इस अभियान के कारण नकली खाद्य सामग्रियों का धंधा करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। अब तक कई लोगों पर विभाग और पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।
आजमगढ़ जिले में दीपावली में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। बीती देर रात एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निजामाबाद थाना क्षेत्र के सेमरही में दूसरी छापेमारी की।
विज्ञापन
इस दौरान टीम ने 30 क्विंटल मिलावटी व सिंथेटिक मिठाई, 70 क्विंटल मिलावटी मिठाई बनाने की सामग्री को बरामद किया है। बरामद मिलावटी मिठाई को दीपावली के त्योहार में जनपद में खपाया जाना था।
आजमगढ़ पुलिस दीपावली के त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चला रही है। शुक्रवार को जानकारी मिली की निजामाबाद थाना क्षेत्र के सेमरही गांव में एक मिठाई की फैक्ट्री संचालित हो रही है। जिसमें मिलावटी व सिंथेटिक मिठाई और मिठाई को तैयार करने वाला मैटेरियल तैयार हो रहा है।
विज्ञापन
इस सूचना पर एसपी सिटी शैलेंद्र लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीती देर रात सेमरही की फैक्ट्री पर छापेमारी की। पुलिस छापेमारी होते ही फैक्ट्री के अंदर भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने फैक्ट्री के अंदर से 10 क्विंटल मिलावटी व सिंथेटिक मिठाई व 70 क्विंटल सिंथेटिक मिठाई बनाने की सामग्री बरामद किया।
वहीं पास के ही एक गोदाम से पुलिस ने 20 क्विंटल मिलावटी मिठाई को बरामद किया है। बरामद मिलावटी मिठाई और मिठाई बनाने की सामग्री की कीमत लाखों में बताई जा रही है। इस दौरान पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर ही है।
बतातें चलें कि इससे पहले पुलिस ने बीती देर रात नगर से सटे धर्मू नाले के समीप अइनिया गांव में दो मिठाई की फैक्ट्री पर छापेमारी कर 50 क्विंटल नकली खोया जिसकी कीमत 15 लाख रुपए थी, बरामद किया था। वहीं टीम ने शुक्रवार की दोपहर में सिधारी थाना क्षेत्र के छतवारा में छापामारी कर एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था।