अमिलो। सठियांव विकास खंड के केरमा गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 जुलाई को वृहद पौधरोपण अभियान शुरू किया था। इसके छह दिन ही बीते हैं और कई पौधे सूखने लगे हैं।
मुख्यमंत्री ने केरमा गांव में पीपल, पाकड़ और बरगद के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की थी और लोगों को पौधों की देखभाल और संरक्षण की शपथ दिलाई थी। उनके दौरे के छठे दिन जमीन पर स्थिति कुछ और ही दिख रही है। कई पौधे सूख चुके हैं और कुछ पशुओं के निवाला बन चुके हैं। वहीं डीएफओ का दावा है कि सभी पौधे हरे भरे हैं।
यूपीडा की खाली जमीन पर वन विभाग ने 12 हजार पौधे लगाए थे। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अब तक एक बार भी निरीक्षण करने नहीं पहुंचे जिससे यह साफ है कि पौधों के रख-रखाव में लापरवाही बरती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पौधरोपण तो हुआ लेकिन संरक्षण की व्यवस्था कमजोर है।