आजमगढ़ में पुलिस महकमे की रिपोर्ट पर जिला प्रशासन ने आजमगढ़ जेल में बंद दो शातिर अपराधियों प्रदीप सिंह कबूतरा व शाहजमा नैय्यर को गैर जनपद की जेल स्थानांतरित कर दिया। प्रदीप सिंह कबूतरा का नया ठिकाना अब सुल्तानपुर जिला कारागार तो शाहजमा नैय्यर का जौनपुर कारागार होगा। रविवार को इन दोनों अपराधियों को स्थानांतरित कर दिया गया।
पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड के मुख्य गवाह अजीत सिंह की हत्या में सह अभियुक्त प्रदीप सिंह कबूतरा की गिरफ्तारी को लेकर जनपद पुलिस के साथ ही लखनऊ पुलिस भी प्रयासरत थी। पुलिस के सभी कवायद को ध्वस्त करते हुए शातिर प्रदीप सिंह कबूतरा ने जनपद न्यायालय पहुंच कर कुछ दिन पूर्व समर्पण कर दिया था।