आजमगढ़। शैक्षिक स्तर सुधरे और अधिक अंक मिले, इसके लिए नई पहल की गई है। राजकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा से पहले एक ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। इसमें सिर्फ गणित और विज्ञान के प्रश्न पूछे जाएंगे।
कक्षा नौ से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों को इस परीक्षा में शामिल किया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा में कम अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं की एक माह बाद फिर से परीक्षा कराई जाएगी। इसके बाद अंकपत्र दिया जाएगा। 9वीं-10वीं में गणित और विज्ञान और 11वीं व 12वीं में गणित, भौतिक, रसायन व जीव विज्ञान विषय की परीक्षा कराई जाएगी। डीआईओएस को जारी पत्र में कहा गया है कि शिक्षक परीक्षा के लिए प्रधानाचार्य और शिक्षक 25 नवंबर तक पंजीकरण कर सकते हैं। 12 दिसंबर को कक्षा नौ व 10 की गणित, कक्षा 11-12 की भौतिक विज्ञान, 13 दिसंबर को कक्षा 9-10 की विज्ञान, कक्षा 11-12 की रसायन विज्ञान की परीक्षा होगी। 14 दिसंबर को कक्षा 11-12 गणित व जीव विज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद विद्यार्थियों का पंजीकरण 26 से 30 नवंबर तक वेबसाइट पर दर्ज होगा।
कमजोर छात्रों के लिए चलेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
परीक्षा के एक सप्ताह के अंदर विद्यार्थी की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह रिपोर्ट संबंधित विद्यालय से साझा की जाएगी। कमजोर छात्र की एक माह तक अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर दोबारा परीक्षा में शामिल होने के लिए तैयार किया जाए। दोबारा परीक्षा के बाद विद्यार्थी की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा।
छात्रों का अंतिम परीक्षा में बेहतर रिजल्ट हो, इसके लिए अपर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा माध्यमिक ने आदेश जारी किया है। इसके लिए बोर्ड परीक्षा से पूर्व ऑनलाइन परीक्षा होगी। परीक्षा लेने के बाद रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया जाएगा। - वीरेंद्र प्रताप सिंह, एडीआईओएस।