आजमगढ़। राज्य विश्वविद्यालय के लिए जमीन खरीद की स्वीकृति प्रदान करने और धनराशि जारी करने के बाद शासन की ओर से क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आजमगढ़ आएंगे और जमीन की खरीद शुरू की जाएगी। उधर, जमीन खरीद के लिए विभाग की ओर से भी तैयारी शुरू कर दी गई है। सदर तहसील के मोहब्ब्तपुर में रास्ते और परिसर के लिए आवश्यक भूमि की खरीद के लिए शासन ने 19.13 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
राज्य विश्वविद्यालय के लिए जिला प्रशासन की ओर से सदर तहसील के मोहब्बतपुर में विवि की स्थापना के लिए भूमि तलाश की गई। यहां लगभग 38 एकड़ (14.801 हेक्टेयर) ग्राम सभा की भूमि विश्वविद्यालय के नाम की जा चुकी है। विवि के लिए शेष आवश्यक भूमि के लिए 6.49546 हेक्टेयर जमीन किसानों से खरीदी जानी है। इसमें महलिया और दौलतपुर में रास्ते के लिए 1.7246 हेक्टेयर भूमि खरीदनी है। साथ ही मोहब्बतपुर में विवि परिसर के लिए 4.7330 हेक्टेयरे भूमि खरीदी जानी है। किसानों को भूमि के लिए सर्किल रेट का चार गुना प्रतिकर भुगतान करना है। रास्ते के लिए 7.50 करोड़ और परिसर के लिए खरीदी जीने वाली भूमि के लिए 11.62 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। शासन की ओर से पिछले दिनों प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए 19.13 करोड़ की धनराशि जारी की गई थी। अब जमीन खरीद के लिए नोडल अधिकारी के रूप में क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी वाराणसी ज्ञान प्रकाश वर्मा को नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही खरीद शुरू कराई जाएगी।
दो सौ किसानों से होनी है खरीद, तैयारी शुरू
मुख्य राजस्व अधिकारी हरिशंकर ने बताया कि विवि के लिए जमीन खरीद को नोडल अधिकारी नामित कर दिया गया है। एसडीएम सदर की रिपोर्ट के अनुसार कुल दो सौ किसानों से जमीन की खरीद की जानी है। खरीद की तैयारी शुरू कर दी गई है।