उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रयास लगातार जारी हैं।
सरकार ने निजामाबाद, आजमगढ़ की विश्वविख्यात ब्लैक पॉटरी कला को एक नई पहचान और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में राज्य के 75 जिलों में से चयनित 25 ओडीओपी उत्पादों से संबंधित संस्थाओं के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर आजमगढ़ के निजामाबाद से ब्लैक पॉटरी फाउंडेशन को भी उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एमओयू साइन करने का अवसर मिला।
ब्लैक पॉटरी फाउंडेशन के डायरेक्टर संजय यादव ने सरकार के साथ एमओयू में शामिल होकर यह सुनिश्चित किया कि अब स्थानीय कारीगरों को आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण की सुविधाएं मिलेंगी। यह समझौता विशेष रूप से कारीगरों की आय और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है।
गौरतलब है कि निजामाबाद की काली मिट्टी से बनी ब्लैक पॉटरी को देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान मिली है।