अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ चोरी की घटनाएं हो रही है। एक की जांच पड़ताल शुरू होती है तो दूसरी घटनाएं हो जा रही है। बीते एक सप्ताह की बात की जाए तो चोरी की कुल नौ घटनाएं हुई है और अहरौला थाना पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पूरे थाना क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ। लोग ताबड़तोड़ हो रही चोरी की घटनाओं से दहशत में है। बीते 12 जुलाई को वर्तनी गांव के निवासी सुनील पुत्र जंजाली निषाद के घर में घुुसे चोरो ने 20,000 नगदी सहित लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। 13 जुलाई को फुलवरिया बाजार में फैजान अहमद के रेडीमेड की दुकान से 1.80 लाख नकदी समेत 50 हजार के सामान की चोरी हुई। इसी रात बरतानी गांव के निवासी अनमोल पांडे पुत्र राजपत पांडे के घर में घुस चोरों ने 10 हजार नकदी सहित दो लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। 14 जुलाई की रात बहराकोठी गांव निवासी वर्तमान प्रधान पुष्पा देवी पत्नी विनोद कुमार दुबे के घर में घुस कर चोरों ने 35,000 नकदी सहित सात लाख के आभूषण पर हाथ साफ किया था। 15 जुलाई की रात वाकरकोल गांव निवासी सीताराम यादव पुत्र श्री राम यादव के घर में घुसे अज्ञात चोरों ने 30 हजार नगदी सहित तीन लाख के आभूषण चोरी किए थे। 16 जुलाई की रात भवरूपुर गांव निवासी मनोज कुमार राय पुत्र राम नारायण राय के घर में घुसे चोरों ने दस हजार नकदी सहित सात लाख के आभूषण व 17 जुलाई की रात कोतवालीपुर गांव में दो सगे भाई राम प्रकाश निषाद और विजय प्रकाश निषाद के घर में सेंध लगा हजारों के सामान पार किए गए। वहीं सुखीपुर गांव निवासी रामशब्द राम के घर में घुसे चोरों ने 16000 नगदी और डेढ़ लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इन घटनाओं के बाद भी पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
बीते सप्ताह मैं अवकाश पर था। घटनाओं की अभी मुझे जानकारी नहीं है। अब आ गया हूं तो पता करता हूं। देखा जाएगा कि चोरी की घटनाओं पर लगाम को लेकर क्या किया जा सकता है।
सिद्धार्थ, एसपी ग्रामीण, आजमगढ़।