भपवई थाना क्षेत्र के मैग्ना गांव निवासी एक व्यक्ति को भतीजे के गाली-गलौज का विरोध करना महंगा पड़ गया। आक्रोशित भतीजे ने चाचा के सिर पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है।
मैग्ना गांव निवासी नरेंद्र कुमार राय पुत्र रामचंद्र राय बुधवार की शाम घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनका भतीजा शिवम पुत्र मनोज राया आया और चाचा को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। चाचा ने भतीजे के इस कवायद का विरोध किया तो भतीजा उग्र हो गया और पास रखे कुल्हाड़ी से चाचा के सिर पर ताबड़तोड़ कई हमले कर लहुलुहान कर दिया। परिजन रात में ही घायल को लेकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी भतीजे शिवम को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।