आजमगढ़। जिले में बुधवार को 75 मिनट की पहली मानसूनी झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी है। वहीं, नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी। बुधवार की दोपहर बाद लगभग सवा घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद सिधारी, पुलिस लाइन, मुख्य चौक, पांडेय बाजार, ब्रह्मस्थान सहित अन्य सड़कों पर घंटों तक पानी भरा रहा। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि मानसून के पहले शहर के सभी 52 नालों की सफाई करा ली गई है। बुधवार को हुई बारिश के दौरान कई स्थानों पर नाले चोक होने से पानी की निकासी नहीं हो सकी। नतीजा सड़कें तालाब बन गई। बारिश थमने के बाद पालिका कर्मी जगह-जगह पहुंचे और चोक नालों को खोलकर जलनिकासी करते रहे।
विज्ञापन
13वें दिन दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने दी दस्तक
13वें दिन दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने दस्तक दी है। बुधवार की दोपहर बादल छाने के बाद लगभग सवा घंटे तक बारिश हुई। राज्य मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम तापमान 26.7 दर्ज किया गया। पूर्वांचल में मानसून सक्रिय हो गया है। यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। जिले में करीब तीन लाख हेक्टेयर भूमि पर करीब आठ लाख किसान खेती-किसानी करते हैं। खरीफ सीजन में धान की रोपाई के लिए 10 से 20 प्रतिशत किसानों ने मई के अंतिम सप्ताह में बेहन डाल दिया है। प्रचंड गर्मी में बेहन सूखने लगे थे।