आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के पठान टोला मोहल्ले में बृहस्पतिवार को एक दिन पूर्व लापता हुए सात वर्षीय मासूम की हत्या से परिवार में मातम छा गया। मासूम की मां बिलख-बिलखकर रो रही थी। बस यही कह रहीं कि बेटा बोलता था कि मां मैं पढ़कर कामयाब बनूंगा। इस तरह बेटे की हत्या हो जाएगी इसका अंदाजा भी नहीं था। वहीं, मां ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि पुलिस से गुमशुदगी की शिकायत की तो पुलिस ने 24 घंटे बाद कार्रवाई होने का हवाला देकर घर भेज दिया।
जानकारी मुताबिक शाजेब तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह कक्षा एक का छात्र था। उसकी मां जैस्मिन खातून ने रोते हुए बताया कि जब उनका बेटा गायब हुआ तो वह लोग सिधारी थाने पर शिकायत करने के लिए गए। पुलिस ने वहां यह कह कर घर भेज दिया कि इस मामले में 24 घंटे बाद कार्रवाई की जाएगी।
परिजन निराश होकर घर लौट आए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस भी उनके बेटे की तलाश नहीं की और 24 घंटे होने का इंतजार करती रही। यदि पुलिस सक्रिय होती तो उनके बेटे की हत्या नहीं होती। मां ने बताया कि मेरा बेटा शाजेब पढ़ाई में अपनी कक्षा में वह टॉपर था। उसने सरकार से गुहार लगाई कि हत्या करने वाले का घर गिराया जाए। उसके पूरे परिवार वालों ने मिलकर बेटे की हत्या की है।