पवई थाना क्षेत्र के भूलेसरा गांव से होकर गुजरे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार की देर शाम बड़ा कार हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से भेड़पालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं 50 से अधिक भेड़ मर गए। इससे नाराज ग्रामीणों ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस व एसडीएम मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों व प्रशासिनक अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी रहा। उधर, अस्पताल में भर्ती भेड़पालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लखनऊ की ओर से सोमवार की शाम चार व्यक्ति पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर स्विफ्ट कार से आजमगढ़ की ओर आ रहे थे। देर शाम करीब 7.30 बजे कार चालक पवई थाने के भूलेसरा गांव के पास रास्ते पर चल रहे भेड़ से टकरा गए। रफ्तार तेज होने के कारण भेड़पालक व गाड़ी में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कारण में सवार दो महिला व दो पुरुष शामिल थे। घायलों की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल भिजवाया। वहीं ग्रामीणों ने भेड़ पालक 55 वर्षीय शिषधर पाल के इलाज व उनके मृत हुए भेड़ का मुआवजा की मांग को लेकर मार्ग को बाधित कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही मौके पर दीदारगंज, पवई, फूलपुर व अहरौला थाने की पुलिस पहुंच गई। काफी समझाने पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो एसडीएम फूलपुर रावेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनके समझाने पर ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे बाद जाम को समाप्त किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मौजूद रहे।