आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के भंवरनाथ के पास स्थित एक प्राइवेट बैंक से 18 नवंबर की रात चोर 4.16 लाख रुपये, डीबीआर आदि उठा ले गए थे। सोमवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करके रुपये, डीबीआर और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए।
इटौर के रहने वाले बैंककर्मी रवि प्रकाश तिवारी ने 19 नवंबर को अहरौला थाने में तहरीर दी थी कि भंवरनाथ शाखा में कलेक्शन के 4.16 हजार रुपये रखे थे, जिसे ताला तोड़ कर घुसे चोर ले गए। रविवार को कंधरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक बाइक से बिलरियागंज की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस नामदारपुर से कीरतपुर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी करके एक बाइक से जा रहे दो युवक पकड़ा। उनके पास से 4.16 लाख रुपये, एक मोबाइल, एक डीबीआर, चार पासबुक, तीन डिपॅजिट फार्म, प्लास, एक पेचकस, एक राड व एक बाइक बरामद हुई। गिरफ्तार युवकों ने अपना नाम मो. साजिद व अरविंद राय बताया। दोनों महराजगंज थाने के सुर्जीपुर गांव के रहने वाले हैं। अरविंद राय बैंक में ही कर्मचारी था। उसी ने चोरी की साजिश की थी।