अंबारी। दीदारगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 12 वर्षीया किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
दीदारगंज क्षेत्र की रहने वाली किशोरी सोमवार की रात 11 बजे गांव स्थित मंदिर के पास शौच के लिए गई थी। इसी दौरान गांव का ही युवक मौके पर पहुंच गया और किशोरी के साथ दुष्कर्म करने लगा। घटनास्थल घर से कुछ ही दूरी पर था, जिसके चलते उसके शोर मचाने पर परिजन जाग गए और मौके की तरफ भागे। लोगों को आता देख कर युवक किशोरी को जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो गया। किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताने के साथ ही युवक के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद परिजन रात में ही पीड़िता केे लेकर थाने पर पहुंचे गए और दुष्कर्म के आरोपी गोविंदा पुत्र सुरेश के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल मुआयना के लिए भेज दिया। एसओ दीदारगंज अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश में पुलिस टीम लगा दी गई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।