Azamgarh News: आजमगढ़ में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव तय समय पर ही होंगे। कहा कि सभी 75 जिलों के मतपत्र छपकर जिला मुख्यालयों पर पहुंच चुके हैं।
आजमगढ़ जिले के अतरौलिया क्षेत्र के भदेवा मझौली गांव में शनिवार को एक उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश और जिले के विकास के लिए इस तरह की पहल सराहनीय है। छोटे-छोटे कुटीर उद्योग स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और युवाओं को काम मिलता है।
विज्ञापन
मंत्री राजभर ने कहा कि सरकार भी चाहती है कि प्रदेश में अधिक से अधिक उद्योग स्थापित हों, ताकि विकास की गति तेज हो सके। पंचायत चुनाव के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर जो भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार हैं।
एसआईआर, बोर्ड परीक्षाओं और आगामी जनगणना के कारण अधिकारी और कर्मचारी व्यस्त हैं, लेकिन चुनाव की प्रक्रिया संविधान के दायरे में तय समय पर ही पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी 75 जिलों के मतपत्र छपकर जिला मुख्यालयों पर पहुंच चुके हैं और 15 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
गैस की कथित किल्लत के सवाल पर मंत्री ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है। जिन लोगों ने गैस कनेक्शन लिया है, उन्हें ऑनलाइन बुकिंग करनी होती है। कुछ लोग सरकार को बदनाम करने के लिए गलत अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हापुड़ से लेकर बलिया तक ब्लैक मार्केटिंग के मामलों में सबसे अधिक लोग सपा से जुड़े पकड़े गए हैं। इस मौके पर प्रधान राम रखवारे प्रजापति, वीरेंद्र सागर, कोपई, निठुरी, निखिल, राम विनय, रामदुलारे, राम फेर सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।